शिवरीनारायण में महानदी में बोटिंग के दौरान सुरक्षा व्यवस्था नदारद*

# शंकर | 27 Dec, 2025

 

शिवरीनारायण में महानदी नदी में चल रही बोटिंग व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। यहाँ यात्रियों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन और ठेकेदारों द्वारा किसी भी प्रकार की सतर्कता नहीं बरती जा रही है। नावों में तय क्षमता से कहीं अधिक सवारियों को बैठाया जा रहा है, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, नाव में जरूरत से ज्यादा यात्रियों को बैठाने के कारण नाव में पानी तक भरने लगता है, फिर भी बोटिंग रोकी नहीं जाती। सुरक्षा के लिए उपलब्ध लाइफ जैकेट भी सवारियों की संख्या के अनुपात में पर्याप्त नहीं हैं। कई यात्रियों को बिना जैकेट के ही नदी पार कराई जा रही है, जो सीधे तौर पर सुरक्षा मानकों का उल्लंघन है।

ध्यान देने वाली बात यह है कि शिवरीनारायण एक धार्मिक और पर्यटन स्थल है, जहाँ प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं। इसके बावजूद सुरक्षा के बुनियादी इंतज़ामों की अनदेखी की जा रही है। यदि समय रहते प्रशासन ने इस ओर ध्यान नहीं दिया, तो कोई भी बड़ा हादसा हो सकता है।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि बोटिंग व्यवस्था पर तुरंत नियंत्रण किया जाए, नावों की क्षमता निर्धारित की जाए और सभी यात्रियों के लिए पर्याप्त लाइफ जैकेट उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Banner