मिनोचा कॉलोनी में 9 से 11 जनवरी तक नानी बाई का मायरा त्रिदिवसीय कथा महोत्सव, जया किशोरी करेंगी भावपूर्ण कथा वाचन

# शंकर | 04 Jan, 2026

 

नगर में धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक चेतना को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से प्रेम सेवा समिति परिवार के तत्वावधान में नानी बाई का मायरा त्रिदिवसीय कथा एवं भजन संध्या महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 9 जनवरी से 11 जनवरी तक प्रतिदिन मिनोचा कॉलोनी, गार्डन के पास श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में संपन्न होगा।

 

इस पावन आयोजन की जानकारी प्रेम सेवा समिति द्वारा उसलापुर स्थित एक निजी होटल में आयोजित प्रेस वार्ता के माध्यम से दी गई। प्रेस वार्ता में प्रेम सेवा समिति परिवार के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने बताया कि यह आयोजन समाज में आध्यात्मिक जागरण, नैतिक मूल्यों और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। इस त्रिदिवसीय धार्मिक महोत्सव में देश की सुप्रसिद्ध कथावाचिका जया किशोरी द्वारा

 

नानी बाई का मायरा की भावपूर्ण एवं प्रेरणादायक कथा का वाचन किया जाएगा। जया किशोरी जी अपनी सरल भाषा, गहन आध्यात्मिक विचारों और प्रेरक प्रसंगों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति, सेवा, संस्कार और मानवता के मूल्यों से जोड़ने का कार्य करेंगी। उनकी कथाएं युवाओं से लेकर वरिष्ठजनों तक सभी के हृदय को स्पर्श करती हैं और जीवन में सकारात्मक

 

दृष्टिकोण विकसित करने की प्रेरणा देती हैं।

 

आयोजकों के अनुसार, कथा के साथ साथ प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक भजन संध्या का आयोजन भी किया जाएगा। भजन संध्या में भक्तिमय संगीत, संकीर्तन और प्रभु नाम स्मरण के माध्यम से श्रद्धालु आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति करेंगे। भजन संध्या का उद्देश्य श्रद्धालुओं को तनावमुक्त कर आध्यात्मिक ऊर्जा से

 

भरना है। प्रेम सेवा समिति परिवार ने बताया कि आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। स्वच्छता, बैठने की व्यवस्था, पेयजल और सुरक्षा सहित अन्य सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है, ताकि श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और शांति के साथ कथा श्रवण कर सकें।

 

समिति ने नगरवासियों एवं आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस त्रिदिवसीय कथा एवं भजन संध्या में सहभागिता करें और धर्मलाभ प्राप्त करें। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को प्रबल करेगा, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सद्भाव और आपसी भाईचारे को भी मजबूत करेगा।

 

नानी बाई का मायरा कथा महोत्सव बिलासपुर के धार्मिक एवं सांस्कृतिक जीवन में एक नई आध्यात्मिक चेतना का संचार करेगा और श्रद्धालुओं के लिए यादगार अनुभव बनेगा।

Banner