*केंद्रीय विश्वविद्यालय में सनसनी: बीए एलएलबी छात्र ने खुद को लगाई आग*

# शंकर | 15 Jan, 2026

बिलासपुर…गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय से एक गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां बीए एलएलबी के एक छात्र ने आत्मदाह का प्रयास किया। छात्र ने अपने किराए के मकान में खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया।


घायल छात्र की पहचान आयुष यादव के रूप में हुई है, जो विश्वविद्यालय में विधि संकाय का छात्र है और मूल रूप से प्रयागराज, उत्तर प्रदेश का निवासी बताया जा रहा है। घटना के तुरंत बाद उसे सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए अपोलो अस्पताल रेफर किया गया है। चिकित्सकों के अनुसार छात्र की स्थिति गंभीर बनी हुई है और विशेषज्ञों की टीम उसकी लगातार निगरानी कर रही 

जानकारी के अनुसार, आज से आयुष यादव की परीक्षा प्रारंभ होने वाली थी। आत्मदाह के प्रयास से कुछ समय पहले उसने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक भावुक स्टोरी पोस्ट की थी, जिसे पुलिस जांच के दायरे में ले रही है। इसके अलावा, आत्मदाह की कोशिश से जुड़ा एक वीडियो बनाए जाने की भी जानकारी सामने आई है, जिसकी पुष्टि के लिए डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

 

सूचना मिलते ही कोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घायल छात्र का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और सोशल मीडिया गतिविधियों सहित अन्य तकनीकी पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है।

फिलहाल आत्महत्या के प्रयास के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस का कहना है कि छात्र के शैक्षणिक, मानसिक और व्यक्तिगत परिस्थितियों समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Banner