*प्रेमिका ने प्रेमी की हत्या की सिने में घोपा चाकू*

# शंकर | 03 Feb, 2026

 

बिलासपुर में सोशल मीडिया से शुरू हुआ रिश्ता बना कत्ल की वजह, जिले के एक बड़े भाजपा नेता के रिश्तेदार 25 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या
बिलासपुर।
सोशल मीडिया पर शुरू हुई पहचान, निजी बातचीत, बढ़ती नजदीकियां और फिर एकतरफा शक… यही सिलसिला बिलासपुर के शुभम विहार शिक्षक कॉलोनी में एक खौफनाक कत्ल पर आकर थम गया। इंस्टाग्राम से शुरू हुआ रिश्ता उस वक्त खून में बदल गया, जब शक, पजेसिवनेस और जुनून ने हदें पार कर दीं। 25 वर्षीय युवक की सीने में चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। आरोपी युवती को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक की पहचान कामता प्रसाद सूर्यवंशी (25 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी युवती रोशनी सूर्यवंशी (22 वर्ष)बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार दोनों की पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। शुरुआती बातचीत धीरे-धीरे नजदीकियों में बदली, लेकिन बीते कुछ दिनों से युवक ने युवती का मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया था। यहीं से पूरे घटनाक्रम की नींव पड़ी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि नंबर ब्लॉक होने के बाद युवती को शक हुआ कि युवक किसी अन्य लड़की से बातचीत कर रहा है। यही शक गुस्से में बदला और गुस्सा हिंसक जुनून में। आरोप है कि रोशनी चाकू लेकर सीधे शुभम विहार शिक्षक कॉलोनी स्थित युवक के कमरे पर पहुंची।


दरवाजा खुलते ही युवती ने युवक से उसका मोबाइल फोन दिखाने की मांग की। युवक ने जब इनकार किया तो दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद देखते ही देखते झगड़े में बदल गया और उसी दौरान युवती ने युवक के सीने पर चाकू से वार कर दिया। चाकू का वार सीधे दिल के पास लगा। युवक मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा और कुछ ही पलों में उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवती को हिरासत में ले लिया। हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले में अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आपसी संबंधों, शक और गुस्से से जुड़ा हुआ सामने आया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच की जा रही है। कॉल डिटेल, सोशल मीडिया चैट और अन्य साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है।
इंस्टाग्राम की पहचान से शुरू हुई यह कहानी शुभम विहार शिक्षक कॉलोनी में खून से लिखी गई। एकतरफा शक, नियंत्रण से बाहर हुआ गुस्सा और कुछ ही मिनटों में लिया गया हिंसक फैसला—जिसने एक युवक की जिंदगी छीन ली और पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया।

Banner