बिलासपुर पुलिस की बड़ी सफलता🚨

# शंकर | 19 Feb, 2026

बिलासपुर-राजकिशोर नगर डकैती कांड का 24 घंटे में पर्दाफाश, यूपी से 5 आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर: शहर के पॉश इलाके राजकिशोर नगर में महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक के साथ हुई सनसनीखेज लूट की घटना को बिलासपुर पुलिस ने उत्तर प्रदेश पुलिस के सहयोग से महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने घटना के मास्टरमाइंड अंतर्राज्यीय अपराधी विजय लांबा सहित कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से लूटा गया करीब 2.5 किलो सोना, 3.50 लाख रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिए गए हैं।
सुनियोजित तरीके से दिया था घटना को अंजाम
घटना 17 फरवरी 2026 की रात करीब 9:15 बजे की है। ज्वेलरी शॉप संचालक संतोष तिवारी अपनी दुकान बंद कर जेवरात और नकदी अपनी क्विड कार (CG 10 AH 7701) में रखकर घर लौट रहे थे। राजकिशोर नगर के पास एक अंधे मोड़ पर पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने अपनी ईको कार से उनकी गाड़ी को जानबूझकर टक्कर मारी। जैसे ही संतोष तिवारी बाहर निकले, आरोपियों ने पिस्टल और हथौड़े से उन पर जानलेवा हमला कर दिया और जेवरात से भरे बैग व कार लेकर फरार हो गए।
सीसीटीवी और तकनीकी विश्लेषण से मिला सुराग
वारदात की गंभीरता को देखते हुए आईजी रामगोपाल गर्ग और वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल मोर्चा संभाला। जांच के दौरान घटनास्थल से एक लावारिस ईको कार, मोटरसाइकिल और कारतूस बरामद हुए। पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि आरोपी उत्तर प्रदेश या बिहार की ओर भाग रहे हैं। इसके बाद यूपी पुलिस से संपर्क साधा गया।
यूपी के मिर्जापुर में हुई घेराबंदी
मिर्जापुर जिले के अहरौरा थाने की पुलिस ने बिलासपुर पुलिस के इनपुट पर नाकाबंदी की। 18 फरवरी की रात पुलिस ने दो आरोपियों को कार के साथ और दो अन्य को जंगल में घेराबंदी कर दबोच लिया। एक अन्य आरोपी इमरान, जो स्कार्पियो से रेकी कर रहा था, उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
पकड़े गए आरोपियों का विवरण:
विजय लांबा (मास्टरमाइंड): दिल्ली निवासी, जिस पर विभिन्न राज्यों में 70 से अधिक मामले दर्ज हैं।
मोनू उर्फ राहुल: गौतमबुद्ध नगर, उत्तर प्रदेश।
विनोद उर्फ बीनू: कोटा, राजस्थान।
करीम खान: बरेली, उत्तर प्रदेश।
इरफान अली: टिकरापारा, बिलासपुर (स्थानीय मददगार)।
मुख्य बरामदगी:
लगभग 2 किलो 650 ग्राम सोना (जेवर, कच्चा सोना और फाइन गोल्ड)।
3,50,000 रुपये नगद।
घटना में प्रयुक्त हथियार (पिस्तौल, कारतूस, हथौड़ा)।
लूट की क्विड कार और रेकी में इस्तेमाल स्कार्पियो।
रामगोपाल गर्ग, आईजीपी बिलासपुर रेंज ने कहा कि
"यह एक चुनौतीपूर्ण मामला था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के अवकाश पर होने के बावजूद पूरी टीम ने समन्वय के साथ काम किया और यूपी पुलिस की मदद से आरोपियों को देश छोड़ने या छिपने से पहले ही पकड़ लिया।"

चीफ एडिटर शंकर अघिजा 
रिपोर्टर रूपेंद्र वैष्णव

Banner