*पचरीघाट डैम हत्याकांड: तीसरा आरोपी सैफ खान गिरफ्तार, पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की*

# शंकर | 28 Feb, 2026

बिलासपुर-बिलासपुर के पचरीघाट डैम के पास हुए चर्चित हत्याकांड में पुलिस ने कार्रवाई आगे बढ़ाते हुए तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना के दौरान आरोपी सैफ खान निवासी फजलबाड़ा, जूना बिलासपुर की संलिप्तता सामने आने पर उसे हिरासत में लिया गया और पूछताछ के बाद औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। गौरतलब है कि 30 जनवरी की शाम करीब 7:30 बजे पुरानी रंजिश के चलते सानू उर्फ अमन खान की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पहले ही दो आरोपी विकास तिवारी और शैलेंद्र प्रजापति को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस जांच में सामने आया था कि मृतक और आरोपियों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जो घटना के दिन गाली-गलौज और झगड़े के बाद हिंसक रूप ले लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ में यह स्पष्ट हुआ कि तीसरा आरोपी सैफ खान भी वारदात की योजना और घटना के दौरान आरोपियों के साथ सक्रिय रूप से शामिल था। उसके खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि हत्या में प्रयुक्त हथियार पहले ही बरामद किया जा चुका है और सभी आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज है। मामले की विस्तृत विवेचना अभी जारी है।

Banner